लक्ष्मीपुर के ग्रामीणों ने कब्रिस्तान के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों को शिफ्ट करने की मांग की है। सोमवार को लक्ष्मीपुर के ग्रामीण पूर्व प्रधान मोहम्मद यामीन अंसारी के नेतृत्व में सहसपुर स्थित विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय पहुंचे और अवर अभियंता केएस चौहान को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा कि बीते रविवार को हवाएं चलने से कब्रिस्तान की ऊपर से गुजर रही ढीली तारों के आपस में टकराने से शार्ट सर्किट हुआ। जिसकी चिंगारी से कब्रिस्तान में आग लग गई। दमकल कर्मियों के सहयोग से आग समय पर बुझा ली गई। जिससे कब्रिस्तान से सटे खेतों में खड़ी सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल नष्ट होने से बच गई। उन्होंने कहा कि मात्र दो पोल लगाने से लाइन को शिफ्ट किया जा सकता है। उन्होंने लाइन के शिफ्ट न होने पर ग्रामीणों के साथ बिजली दफ्तर में धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।
अवर अभियंता ने स्थलीय निरीक्षण कर लाइन को शिफ्ट करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर हाजी मोहम्मद जावेद, मासूम अली, जाहिद हसन, अफजाल, इजहार, मोहम्मद इमरान, मोहम्मद परवेज आदि मौजूद रहे।