देहरादून। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने यह विषय प्रमुखता से उठाया कि पूर्व में गठित समिति की रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि पुरानी पेंशन बहाली राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र का विषय है। इस पर मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की मांग को न्यायसंगत मानते हुए आश्वासन दिया कि वे इस विषय को देश के प्रधानमंत्री के समक्ष मजबूती से रखेंगे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्तमान में लागू एनपीएस एवं यूपीएस जैसी व्यवस्थाएं कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित नहीं कर पा रही हैं। कर्मचारियों में अपने बुढ़ापे की आर्थिक सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है। ऐसे में पुरानी पेंशन योजना ही एकमात्र ऐसी व्यवस्था है जो कर्मचारियों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर सकती है। ब्यूरो