I
I- जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एसडीएम के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापनI
ग्राम पंचायत ध्वैरा खादर के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से गांव में स्थित सिंचाई विभाग की भूमि लोहारी बांध प्रभावितों को आवंटित न करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि भूमि पर प्रभावितों के विस्थापन की बजाय उद्योग या सरकारी कार्यालय स्थापित किए जाएं। कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और सुविधाएं मिलेंगी। ग्रामीणों ने मांगें न मानने पर धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
ध्वैरा खादर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने तहसील परिसर स्थित कार्यालय में एसडीएम योगेश मेहरा को ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि कोटी इच्छाड़ी बांध के निर्माण के लिए ध्वैरा खादर के ग्रामीणों ने दोहिरा खादर स्थित अपनी भूमि सरकार को दी थी। बताया कि उनको जानकारी मिली अब भूमि को लोहारी बांध प्रभावितों को आवंटित करने की तैयारी की जा रही है। कहा कि अगर बांध प्रभावितों को भूमि आवंटन किया जाता है तो वह धरना-प्रदर्शन को मजबूर होंगे। न्यायालय की शरण भी ली जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान ध्वैरा खादर सुनैना चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य किरण चौहान, बारु चौहान, चमन सिंह चौहान, दासिया, मोहन सिंह, मायाराम, सुरेंद्र, रूप राम, पूरन सिंह, मोनिका चौहान, वनिता चौहान, राजेश, सूरत सिंह, आशीष चौहान, माधु आदि शामिल रहे।