माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून
रेल यात्रा के दौरान किसी प्रकार की समस्या खड़ी होने पर यात्री तत्काल इसकी जानकारी रेलवे के आला अधिकारियों को दे सकें इसके लिए रेलवे ने ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों को टोल फ्री नंबर 139 के बारे में जागरूक करना शुरू किया है इतना ही नहीं रेलवे अधिकारियों व कर्मचारियों की ओर से रेल यात्रियों खासकर महिला यात्रियों को टोल फ्री नंबर 182 के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।ताकि वे रेल यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने की स्थिति में तत्काल इसकी जानकारी रेलवे पुलिस व जीआरपी को दे सकें।
रेलवे के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल ने बताया कि ट्रेनों में यात्रा करने वाले बहुत कम यात्रियों को ही टोल फ्री नंबर 139 और 182 के बारे में जानकारी है। ऐसे में मंडल मुख्यालय के निर्देश पर यात्रियों को इन टोल फ्री नंबरों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक अग्रवाल ने बताया कि कोई भी यात्री 139 नंबर पर डायल करके ट्रेनों के आने-जाने की जानकारी के साथ ही ट्रेनों के भीतर साफ सफाई व बिजली से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी दे सकता है। इतना ही नहीं यदि रेल यात्रा के दौरान किसी यात्री को पुलिस के मदद की जरूरत है तो 182 नंबर पर डायल करके जीआरपी व आरपीएफ की मदद कर सकता है ले सकता है। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल ने बताया कि यात्री टोल फ्री नंबर 139 और 182 का बेहतर तरीके से इस्तेमाल कर सकें, इसके लिए रेलवे स्टेशन के पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम के जरिए भी यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है।