माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून
परिवहन निगम में मृतक आश्रितों को बतौर संविदा कर्मचारी नियुक्ति दिए जाने का उत्तरांचल कर्मचारी यूनियन ने विरोध कर दिया है। कर्मचारी यूनियन पदाधिकारियों का साफतौर पर कहना है कि परिवहन निगम प्रबंधन को सभी मृतक आश्रितों को बतौर नियमित कर्मचारी नियुक्ति करनी चाहिए। इतना ही नहीं यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में जल्द ही प्रबंध निदेशक और महाप्रबंधक समेत आला अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।
बता दें कि परिवहन निगम में 100 से अधिक ऐसे मृतक आश्रित हैं जिन्हें नियुक्ति दी जानी है। मृतक आश्रित पिछले कई सालों से परिवहन निगम में नौकरी पाने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन पिछले दिनों परिवहन निगम बोर्ड बैठक में फैसला लिया गया कि ऐसे सभी मृतक आश्रितों को बतौर संविदा कर्मचारी नियुक्ति दी जाएगी ।
लेकिन परिवहन निगम बोर्ड बैठक में लिए गए इस फैसले के विरोध में भी सुर उठने लगे हैं।
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन का साफतौर पर कहना है कि परिवहन निगम प्रबंधन को सभी मृतक आश्रितों को संविदा कर्मी की जगह नियमित कर्मचारियों के तौर पर नियुक्ति देनी चाहिए। यूनियन प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी का कहना है कि परिवहन निगम में ड्राइवरों, कंडक्टरों के 2,000 से अधिक नियमित पद खाली हैं। ऐसे में सभी मृतक आश्रितों को परिवहन निगम प्रबंधन को तत्काल नियमित कर्मचारी के तौर पर नियुक्ति देनी चाहिए ।
इतना ही नहीं यूनियन प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी का कहना है कि परिवहन निगम में जो भी संविदा ड्राइवर, कंडक्टर पिछले कई सालों से सेवाएं दे रहे हैं उन सभी को भी परिवहन निगम प्रबंधन को नियमित कर्मचारी के तौर पर पदोन्नति कर देनी चाहिए।जिसकी मांग लगातार उठाई जा रही है । यूनियन प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी का कहना है कि संबंध में जल्द ही प्रबंध निदेशक और महाप्रबंधक समेत आला अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।