भारत में इस्लामिक स्टेट चीफ हारिस फारूकी और उसका सहयोगी
- फोटो : ani
असम से पकड़े गए आईएसआईएस के एजेंट हारिस फारूकी का राजधानी देहरादून से कनेक्शन निकला है। वह यहां के रहने वाले एक यूनानी हकीम का बेटा बताया जा रहा है। हालांकि, स्थानीय इंटेलिजेंस और पुलिस के अनुसार वह बीते दस साल से देहरादून नहीं आया है।
केंद्रीय एजेंसी कई बार उसके बारे में जानकारी करने देहरादून आ चुकी है। बताया जा रहा है कि उसका पिता भी कई दिनों से गायब है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। बता दें कि केंद्रीय एजेंसी ने असम में हारिस फारूकी को उसके दोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। उसके दोस्त अनुराग ने कुछ दिन पहले इस्लाम धर्म अपनाया था। हारिस फारूकी अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का पढ़ा हुआ बताया जा रहा है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि हारिस के पिता यहां पर एक यूनानी दवाखाना चलाते हैं। बीते बीस सालों से फारूखी का परिवार देहरादून के डालनवाला में रहता है। एसएसपी ने बताया कि स्थानीय पुलिस के पास काफी समय से यह इनपुट था, लेकिन उसके बारे में पता चला कि हारिस बीते दस साल से देहरादून नहीं आया है।
उसके पिता को भी देहरादून पुलिस ने संपर्क किया था। सूत्रों के मुताबिक एसटीएफ भी काफी लंबे समय से हारिस के पिता के संपर्क में थी और उन्हें कई बार पूछताछ के लिए बुलाया था।