तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत पुनाह पोखरी में देर रात भारी बारिश के कारण दो मंजिला छानी पर मलबा गिर गया। हादसे में छानी में बंद 10 बकरियों की मौत हो गई। घटना में अन्य कई बकरी चोटिल भी हुई हैं। ग्रामीण कुंवर सिंह ने बताया कि शनिवार की शाम वह अपनी बकरियों को छानी में बंद करके घर पर आ गए थे। रात के समय शोर होने पर उन्होंने बाहर आकर देखा तो मलबे के कारण उनकी छानी क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। गनीमत यह रही कि हादसे के समय परिवार का कोई सदस्य छानी में मौजूद नहीं था। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उधर चकराता के तहसीलदार रूप सिंह ने बताया कि राजस्व उपनिरीक्षक को नुकसान का आकलन करके रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके आधार पर नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।