खेत में टूटे पड़े बिजली के तार की चपेट में आकर मानकमाजरा निवासी किशोर की मौत हो गई। किशोर खेत में चारा लेने के लिए गया था।
भगवानपुर थानाक्षेत्र के मानकमाजरा गांव निवासी 15 वर्षीय उस्मान शनिवार दोपहर को किसी ग्रामीण के खेत में चारा लेने गया था।
चारा काटते समय वह वहां टूटे पडे़ बिजली के तार की चपेट में आ गया। तार में करंट था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों को खेत में मिला शव
काफी देर बाद तक जब किशोर घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। शाम करीब तीन बजे ग्रामीण खेत पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने खेत में किशोर का शव पड़ा देखा। पास में बिजली का तार भी था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ की। बाद में ग्रामीण उस्मान के शव को घर ले आए। घटना को लेकर गांव में मातम का माहौल है। पुलिस को अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।