संवाद न्यूज एजेंसी
त्यूणी। पुलिस ने एक माह से घर से लापता चल रहे उत्तरकाशी जिले के मोरी थाना क्षेत्र के मोड़ा गांव निवासी मूक बधिर किशोर को मंगलवार को उसके परिजनों से मिलवाया। थाना प्रभारी त्यूणी अश्विनी बलूनी ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने क्षेत्र में बाहरी लोगों के सत्यापन के लिए अभियान चलाया था। इस दौरान बाजार में एक 15 वर्षीय किशोर परेशान हालत में घूमता हुआ मिला। पुलिसकर्मियों ने किशोर से बात करने का प्रयास किया लेकिन वह कुछ भी बोलने और सुनने में असमर्थ था। वह अपने बारे में कुछ जानकारी नहीं दे पा रहा था। किशोर को उसकी सुरक्षा की दृष्टि से थाने लाया गया। जिले और आसपास के सीमांत क्षेत्रों के कोतवाली और थानों में व्हाट्सएप के माध्यम से किशोर की जानकारी साझा की गई। जानकारी मिलने के बाद किशोर के परिजनों से संपर्क किया गया। परिजनों ने बताया कि किशोर का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है। वह एक माह पहले घर से बिना बताए निकल गया था।