लेह-लद्दाख के रहने वाले एक युवक का शव मालदेवता रोड स्थित नदी के ऊपर जंगल में पेड़ पर लटका मिला। युवक यहां पर एक कॉलेज में रहता था। उसके शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शनिवार को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
एसओ राजपुर जितेंद्र चौहान ने बताया कि आईटी पार्क चौकी को जंगल में एक पेड़ से युवक का शव लटका होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंची तो उसकी पहचान स्टेंजिग छोस्टल पुत्र नवाब दौरजे निवासी दुरबुक लेह लद्दाख के रूप में हुई। वह यहां पर सहस्रधारा स्थित काग्जू कॉलेज में रहता था। यहां के प्रबंधक ने पुलिस को बताया कि छोस्टल को उसके माता-पिता एक साल पहले कॉलेज में छोड़कर गए थे। तब से वह उनके साथ ही रह रहा था।
वह अचानक बृहस्पतिवार रात नौ बजे कॉलेज से चला गया। उन्होंने बताया कि उसके साथ रहने वाले अन्य युवकों ने कभी उसके बारे में ऐसा कुछ नहीं बताया कि वह परेशान था या उसे किसी ने कोई बात कही थी। एसओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है।