मंगलवार शाम तेज हवा और बारिश के कारण डाकपत्थर रोड पर विद्युत लाइन के तार आपस में टकरा गए। इससे ढकरानी पावर हाउस में बड़ा फाल्ट आ गया और पछवादून से लेकर जौनसार-बावर तक के सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब एक घंटे तक बत्ती गुल रहने से पूरे इलाके में अंधेरा छा गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार शाम करीब सात बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के बीच डाकपत्थर रोड पर तारों के आपस में टकराने से ढकरानी पावर हाउस में तकनीकी खराबी आ गई। इसका सीधा असर विकासनगर शहर, डाकपत्थर, हरबर्टपुर और सहसपुर के साथ-साथ जौनसार-बावर की कालसी, चकराता और त्यूणी तहसील के सैकड़ों गांवों पर पड़ा। बारिश के दौरान अचानक बत्ती गुल होने से जनजीवन खासा प्रभावित हुआ। संवाद