देहरादून। ऑनलाइन ऑर्डर को रद्द कराने के लिए साइबर ठगों ने मदद का झांसा देकर ठगी कर ली। महिला से कुल 70 हजार रुपये ठग लिए गए।
एसओ राजपुर मोहन सिंह ने बताया कि ठगी को लेकर नीतू रावत निवासी राजेश्वर नगर ने शिकायत की है। नीतू के अनुसार गत 28 दिसंबर को उन्हें एक मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मिंत्रा कंपनी का कर्मचारी बताया। नीतू अपना एक ऑर्डर रद्द कराना चाहती थीं। कॉल करने वाले युवक ने उनसे मोबाइल में क्विक सपोर्ट एप डाउनलोड कराया। इससे उसने महिला के फोन पर अपना नियंत्रण कर लिया। इसके जरिए करीब 70 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। साइबर थाने ने इस मामले की जांच की। इसके बाद राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।