साइबर ठगों ने एक पूर्व आईपीएस से ठगी कर ली। दूसरी घटना में सचिवालय में तैनात भाषा विभाग के सचिव के नाम पर कई लोगों से ठगी का प्रयास किया गया। एक अन्य मामले में युवक से साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड सुरक्षा चार्ज के नाम पर 1.09 लाख रुपये ठग लिए। साइबर थाना पुलिस की जांच के बाद तीनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं।
1-बैंक पहुंचे तो पूर्व आईपीएस को ठगी का पता चला
उषा कॉलोनी निवासी पूर्व आईपीएस अधिकारी विक्रम चंद्र गोयल ठगी का शिकार हुए हैं। वह गत 24 अगस्त को कुछ सामान ऑनलाइन प्लैटफॉर्म पर खरीद रहे थे। यूपीआई के माध्यम से सामान का भुगतान करना चाहा तो वह नहीं हो सका। कुछ देर बाद एक अन्य भुगतान अमेजन पर भी असफल हो गया। तब उन्हें यूपीआई में कुछ गड़बड़ी लगी। यूपीआई वॉलेट पर अपना खाता देखना चाहा तो वह नहीं खुला। इसके बाद वह किरसाली की एसबीआई शाखा में गए। पता चला कि उनका वॉलेट किसी और ने चलाया है। इससे उनके खाते से 58,700 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए हैं। एसओ राजपुर जितेंद्र चौहान ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
2- सचिव के नाम पर रिश्तेदारों से मांगे पैसे
सचिवालय में भाषा विभाग के सचिव विनोद प्रसाद रतूड़ी की शिकायत पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल राजेश साह ने बताया कि रतूड़ी के एक मोबाइल नंबर पर वर्तमान में रीचार्ज नहीं है। इसी मोबाइल नंबर से सुमन प्रसाद रतूड़ी, एमपी रतूड़ी समेत कुछ लोगों को मैसेज किए गए। जिसमें सचिव विनोद का नाम लेते रुपये की मांग की गई। रकम को एक मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन देने को कहा गया। इसका पता पीड़ित को लगा तो उन्होंने डीजीपी कार्यालय में तहरीर दी। तहरीर वहां से कोतवाली पहुंची। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Uttarkashi Tunnel: पहली बार सुरंग के अंदर किया गया इस सिस्टम का प्रयोग, पूरी तरह रहा सफल; श्रमिकों से हुई बात
3- क्रेडिट कार्ड सुरक्षा के नाम पर ठगे 1.09 लाख रुपये
ढाक पट्टी राजपुर के रहने वाले रोहित कुमार के साथ 1.09 लाख रुपये की गठी हो गई। रोहित को 22 नवंबर एक मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन पर महिला ने झांसा दिया कि उनके क्रेडिट कार्ड पर सुरक्षा प्लान चालू है। जिसका वार्षिक चार्ज 1800 रुपये बताया। कहा कि उसका आज ही भुगतान करना होगा। इस प्लान को हटाने में मदद का झांसा दिया। इसके बाद पीड़ित को व्हाट्सएप पर एक लिंक दिया। उस पर कुछ भुगतान की जानकारी भरने को कहा। आरोप है कि इस दौरान तीन ओटीपी उनके फोन पर आए। वे सारे ओटीपी डालते गए। अलग-अलग ट्रांजेक्शन में उनके बैंक खाते से रकम कटी। एसओ राजपुर जितेंद्र चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।