सेलाकुई बाजार स्थित ज्वेलर्स की दुकान में हुई चोरी के मामले में बृहस्पतिवार को तीन आरोपियों को कस्टडी रिमांड लिया गया। उनकी निशानदेही पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी को सेलाकुई स्थित खेत में बने खंडहर से बरामद किया गया। ज्वेलरी को पत्थरों के नीचे छिपाकर रखा गया था।
बीते साल 19 दिसंबर की रात को सेलाकुई बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप में चोरी हुई थी। शातिर चोर दुकान की छत पर रस्सी के सहारे गैस कटर और सिलिंडर लेकर चढ़े थे। रोशनदान से भीतर घुसे, रेलिंग और दरवाजों काटकर पीछे से दुकान दाखिल हुए। गैस कटर से काटने के बाद जब आलमारियां नहीं खुलीं तो चांदी और आर्टिफिशियल आभूषण लेकर फरार हो गए। उस समय दो किलोग्राम चांदी के आभूषणों की चोरी की बात सामने आई थी।
सराफा व्यवसायी दिनेश सोंधी निवासी बंजारा गली सेलाकुई की तहरीर पर केस दर्ज किया गया था। खुलासे के लिए थाना प्रभारी सेलाकुई शैंकी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। 20 दिसंबर को यूपी के सहारनपुर जिले की सरसावा पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उन्होंने सेलाकुई में वारदात को अंजाम देने की बात कबूली थी। तीनों सहारनपुर जेल में बंद थे।
बृहस्पतिवार को सेलाकुई पुलिस ने तीनों आरोपी साहिल उर्फ तेजू निवासी रविदास मोहल्ला, जनपद करनाल हरियाणा, रामफल उर्फ विजय प्रताप निवासी डोज माजरा, जिला करनाल हरियाणा, अमन निवासी खानपुर, जिला करनाल हरियाणा को कस्टडी रिमांड पर लेकर उनकी निशानदेही पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी को बरामद किया। साहिल पर हरियाणा में 20 और रामफल पर विभिन्न धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं।