छात्र संघ चुनाव में अपने दोस्त के लिए प्रचार कर रहे एक युवक की बेहरहमी से हत्या कर दी गई। उसका शव पुलिस को सड़क किनारे पड़ा मिला। राधेहरि राजकीय महाविद्यालय के एमए प्रथम वर्ष के छात्र नरेंद्र सैनी की सिर में गोली मार कर हत्या कर दी गई। उसका शव बिजनौर जिले के थाना अफजलगढ़ के ग्राम आनंदीपुर के पास सड़क किनारे पड़ा मिला।
हत्या का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है। ग्राम इस्लामनगर बसई निवासी महेंद्र सैनी का 20 वर्षीय बेटा नरेंद्र सैनी राधेहरि राजकीय महाविद्यालय में एमए प्रथम वर्ष का छात्र था। वह इन दिनों छात्रसंघ चुनाव की तैयारी में लगे अपने दोस्त के लिए प्रचार कर रहा था।
नरेंद्र मंगलवार सुबह 11 बजे स्कूटी से महाविद्यालय जाने के लिए निकला लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। बुधवार सुबह अफजलगढ़ पुलिस को ग्राम आनंदीपुर और जटवारा के बीच सड़क किनारे पलटी पड़ी स्कूटी पर उसका शव मिला।