पुलिस के अनुसार रोजमर्रा की तरह सोमवार की शाम को भी सोलानी पुल पर पुलिसकर्मी गणेश कुमार और होमगार्ड बिजेंदर ड्यूटी पर तैनात थे। रुड़की की ओर से बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए।
संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों को रोकने की कोशिश की लेकिन वे अपनी बाइक को वापस घुमाकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो बदमाश गाधारोना गांव में गन्ने के खेतों में जा घुसे। पुलिसकर्मियों ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी।
एसपी देहात मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर मंगलौर, खानपुर, पथरी और गंगनहर थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तथा खेत को चारों ओर से घेर लिया। इसी बीच खेत में घुसे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाब में फायरिंग शुरू कर दी।
दोनों तरफ सेे करीब एक घंटे तक फायरिंग होती रही। लगभग पचास से अधिक राउंड फायरिंग की गई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली से आकाश उर्फ प्यारा उर्फ सोनू निवासी कल्याणपुरी रतनपुरी जनपद मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने उसे व उसके साथी सोनू निवासी बुढ़ाना मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल बदमाश को पहले मंगलौर सीएचसी में भर्ती कराया ंजहां से उसे हरिद्वार जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दूसरे बदमाश से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार बदमाश क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए आए थे।
सूत्रों के अनुसार उनकी भूमिका पिछले दिनों लक्सर में सेवानिवृत्त रेलकर्मी राधेश्याम की हत्या कर तीन लाख रुपये लूटने तथा सिधडू निवासी बैंक प्रतिनिधि से हुई करीब डेढ़ लाख की लूट में भी शामिल होने का अनुुमान है। समाचार लिखेजाने तक पुलिस पूछताछ जारी थी।
पुलिस को इनके पास से दो पिस्टल, एक तमंचा, बाइक और 40 हजार रुपए बरामद हुए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। एसपी देहात ने घटना में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है।