तमाम जागरूकता और कार्रवाई के बाद ठगी के मामले कम नहीं हो रहे हैं। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवकों से तीन लाख 61 हजार रुपये हड़प लिए। दो अन्य मामलों में सेवानिवृत्त फौजी और ट्रांसपोर्टर से करीब एक लाख रुपये ठगे।
हरिद्वार के रामनगर निवासी नितिन ने रायपुर पुलिस को बताया कि जनवरी में कंसलटेंसी एजेंसी से जुड़ी एक महिला ने अपने साथी के साथ उन्हें न्यूजीलैंड में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। विश्वास कर वादी ने अपने एक दोस्त के साथ तीन लाख 63 हजार रुपये थमा दिए। उन्हें तीन माह में नौकरी दिलाने का वायदा किया गया था।
अवधि पूरी होने के बाद उन्हें बताया गया कि दिल्ली स्थित न्यूजीलैंड दूतावास में उनका साक्षात्कार होना है। बाद में एजेंसी से जुड़े लोगों से संपर्क नहीं हो पाया। आरोपियों ने न तो नौकरी दिलाई और न ही रकम वापस की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
खाते से कई बार निकाले रुपये
अपराध्
- फोटो : अमर उजाला
उधर, तरला आमवाला निवासी ट्रांसपोर्टर अक्षय कुमार ने राजपुर पुलिस को बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके खाते से कई किश्तों में 75 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी के जरिये जालसाज तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
ठगी का तीसरा शिकार पौड़ी जिले के चोपड़ा निवासी रिटायर्ड फौजी दलीप सिंह हुए। पटेलनगर थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को वह पौड़ी जाने के लिए बडोवाला से आईएसबीटी पहुंचे थे। आरोप है कि अल्टो सवार तीन युवकों ने पौड़ी ले जाने का झांसा देकर उन्हें कार में बैठाया।
रास्ते में उन्होंने लूट का खौफ दिखाकर एटीएम कार्ड और नगदी एक लिफाफे में रखवा ली। इसी बीच उन्होंने पासवर्ड भी जान लिया। बाद में यह लोग उसे रिस्पना पुल के पास छोड़कर फरार हो गए। कुछ देर बाद मोबाइल पर 40 हजार रुपये खाते से निकलने का एसएमएस आया तो ठगी का खुलासा हुआ।