चोरों ने रुड़की के पुष्पांजलि विहार में एक बंद मकान खंगाल दिया। घर के दरवाजा का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर लॉकर से 20 हजार की नगदी व लाखों के जेवर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर में चोर लगातार बंद मकानों को निशाना बना रहे हैं। पिछले दिनों एसीजेएम का आवास को भी चोरों ने निशाना बनाया था। इसके बाद सिंचाई विभाग के जेई अनिल त्यागी के घर से हजारों का सामान चोरी कर लिया गया था।
ताजा घटना पुष्पांजलि विहार में फार्मा कंपनी में कार्यरत संदीप शर्मा के घर हुई है। स्कूल की छुट्टियों के चलते उनकी पत्नी बच्चों सहित बिजनौर के स्यौहारा स्थित मायके गई हुई थी। वारदात के वक्त संदीप शर्मा घर पर ताला लगाकर फैक्ट्री गए थे। रात को जब संदीप फैक्ट्री से लौटे तो मेन गेट से लेकर अंदर तक तीनों ताले टूटे हुए मिले।
अनहोनी का शक होने पर उन्होंने अलमारी की तरफ देखा तो लॉकर से करीब 20 हजार की नगदी व लाखों के जेवर गायब मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आस पास के लोगों से भी घटना की जानकारी जुटाई। घटना की लिखित तहरीर भी गंगनहर कोतवाली में दी गई। कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। चोरों की तलाश की जा रही है।
सात से आठ के बीच हुई वारदात
संदीप शर्मा के मुताबिक वह शाम करीब चार बजे देखभाल के लिए घर आए थे। उस समय तक सब ठीक था। वहीं पड़ोसियों का कहना है कि उन्होंने शाम सात बजे से आठ बजे के बीच घर की लाइट जलती देखी, पर उन्हें लगा कि संदीप फैक्ट्री से घर आए होंगे। जबकि संदीप शर्मा खुद साढ़े आठ बजे घर पहुंच गए। इससे माना जा रहा है कि चोरों ने सात से आठ बजे के बीच ही चोरी को अंजाम दिया। दिन ढलते ही चोरी की घटना से सवाल खड़े हो रहे हैं।