देहरादून में कारोबारी के घर काम करने वाली नौकरानी लाखों के जेवर और 35 हजार रुपए चुराकर भाग निकली। कारोबारी ने उसके पति पर दबाव बनाया तो वह भी धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ज्वैलरी बाक्स और 35 हजार रुपए लेकर फुर्र
डालनवाला कोतवाली क्षेत्र के डीएल रोड निवासी अवनीश सिंह साड़ी कारोबारी हैं। सिंह ने बिजनौर के हल्दौर की रहने वाली प्रतिभा उर्फ प्रवेश को कामकाज के लिए घर में रखा था। प्रतिभा का पति भोपाल सिंह परिवार के एक होटल में काम करता था।
कुछ दिन पूर्व प्रतिभा घर की अलमारी में रखा ज्वैलरी बाक्स और 35 हजार रुपए लेकर फुर्र हो गई। सिंह के अनुसार बाक्स में सोने के हार, कड़े समेत लाखों के जेवर थे।
आरोप है कि उन्होंने भोपाल सिंह को जेवर और नकदी लौटाने के लिए कहा तो वह पहले गुमराह करता रहा, फिर अचानक नौकरी छोड़ भाग गया। आरोप है कि सिंह को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
डालनवाला इंसपेक्टर अनिल जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम को आरोपी को पकड़ने के लिए हल्दौर भेजा गया है। पता चला है कि आरोपी महिला अपने पहले पति की हत्या में पहले भी जेल जा चुकी है।