भिलंगना प्रखंड के गोनगढ़ पट्टी के कोट गांव में एक 14 वर्षीय बालक का शव घर की छत पर संदिग्ध अवस्था में लटका हुआ मिला। परिजन हत्या की आंशका व्यक्त कर रहे है। लेकिन परिजनों की ओर से अभी तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। राजस्व पुलिस ने पंचनामे के बाद शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेज दिया है।
घटना रविवार की
परिवार का कोई भी सदस्य घर पर नहीं था। रविवार अपराह्न 3 बजे कोट गांव निवासी शिव सिंह रावत के 14 वर्षीय पुत्र हुकम सिंह का शव छत की रेलिंग पर लोहे की चेन पर लटका हुआ मिला। मृतक के पिता और बड़ा भाई दूसरे गांव में शादी में गए हुए थे। उसकी मां बकरियों को चराने जंगल गई थी। लड़का घर पर अकेला ही था।
मां हुई बेहोश
जब मां घर आई तो लड़के की लाश छत पर लटकी हुई देख उसके होश उड़ गए। सूचना पर मृतक के पिता व भाई घर पहुंचे। सोमवार को राजस्व पुलिस मौके पर पहुंची पंचनामा भरकर शव पीएम के लिए नई टिहरी भेजा। मृतक के पिता शिवसिंह रावत ने बेटे की हत्या की आशंक जताई है। उनका कहना है कि कुछ लोग उन से रंजिश रखते है।
रंजिश रखने का आरोप
बीते 27 नवंबर को उनके घर पर आकर कुछ लोगों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की थी, जिससे उनका बड़ा बेटा बुरी तरह घायल हो गया था। रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन राजस्व पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। जिस कारण अपराधियों के हौंसले बुलंद हो गए और यह घटना घटित हुई है।
इनका क्या है कहना
मृतक के गले पर ही निशान पडे़ हुए है। शरीर या सिर पर कोई निशान नहीं है। लड़के की हत्या हुई या फिर गिर कर मौत हुई पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंच जा सकता है। परिजनों की ओर से अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। -जगदीश लाल एडीएम घनसाली