मानव तस्कर विरोधी सेल और कलियर पुलिस ने एक गेस्टहाउस से छापा मार कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया।
मौके से गुजरात, असम आदि स्थानों की चार महिलाओं के साथ आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। मंगलवार देर शाम मानव तस्कर विरोधी सेल को सूचना मिली कि कलियर थाना क्षेत्र के अब्दाल साहब बस्ती के गेस्टहाउस में सेक्स रैकेट संचालित हो रहा है।
इसी सूचना पर मानव तस्कर विरोधी सेल और कलियर थाना प्रभारी देवराज शर्मा ने अलीशान और साद साबरी गेस्ट हाउसों में छापा मारा। दोनों गेस्टहाउस से चार महिलाएं और चार पुरुष आपत्तिजनक हालत में मिले। उसके बाद टीम गेस्टहाउस संचालकों समेत सभी को लेकर थाने पहुंची।
पकड़ी गई महिलाएं गुजरात, असम और मुरादाबाद की रहने वाली हैं। महिलाओं ने पुलिस को बताया कि कमाई का आधा हिस्सा उनका और आधा हिस्सा गेस्टहाउस संचालकों का होता है।
थाना प्रभारी देवराज शर्मा ने बताया कि मुसर्रत (निवासी घोड़ेवाला बहादराबाद), फैसल (निवासी देवबंद), दिलशाद (निवासी बसेली गजरौला अमरोहा), मुस्तफा (निवासी महमूदपुर कलियर) समेत पकड़ी गई चार महिलाओं के खिलाफ देह व्यापार का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि दोनों गेस्टहाउस के रजिस्टर कब्जे में ले लिए गए हैं। दोनों गेस्ट हाउस सीज करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी है। कलियर थाने में पिछले चार माह में देह व्यापार का छठा मुकदमा दर्ज है। टीम में थाना प्रभारी देवराज शर्मा, एसआई कुंवर रामआर्य कांस्टेबल अजित तोमर, विपेंद्र, राकेश, मनीषा, पूनम आदि मौजूद रहे।