इंस्पेक्टर कैंट शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में नेपाली मूल का एक व्यक्ति पुताई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उन्होंने 17 दिन पहले ही एक कमरा किराये पर लिया है, जिसमें वह पत्नी और छह साल की बेटी के साथ रहते हैं।
मंगलवार शाम को बेटी के मामा घर पर आए थे। परिवार के सभी लोग टीवी देख रहे थे। रात को मामा चले गए तो परिवार के लोग टीवी बंद कर सो गए। उनकी छह साल की बेटी भी बगल में सोई थी।
इसी बीच मौका पाकर उनका एक दोस्त घर में घुस आया। उस वक्त सभी लोग गहरी नींद में थे। इस बीच व्यक्ति के दोस्त ने बच्ची के मुंह पर हाथ रख उसके साथ दुराचार किया। कुछ देर बाद जब बच्ची बेहोश हो गई तो वह खुद भी नशे में धुत वहीं लेट गया। घटनाक्रम का बच्ची के पिता को पता नहीं चला। रात करीब डेढ़ बचे जब बच्ची के पिता उठे तो देखा कि उनका दोस्त बगल में लेटा है और बेटी सिसकियां ले रही है।
उन्हें समझने में देर नहीं लगी कि दोस्त ने बच्ची के साथ हैवानियत की है। गुस्से में उन्होंने आरोपी को मारना-पीटना शुरू कर दिया। इस बीच आरोपी छूटकर भाग निकलने में सफल हो गया। इंस्पेक्टर बिष्ट ने बताया कि बच्ची को लेकर माता-पिता चौकी पहुंच गए। वहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए पुलिस ने उसे दून महिला अस्पताल भेजा और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से कुछ खून के धब्बों को भी फोरेंसिक जांच के लिए एफएसएल भिजवाया।
पुलिस ने आरोपी को तड़के चार बजे डाकरा बाजार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी डाकरा का ही रहने वाला है। बताया कि वह बच्ची के पिता का दोस्त है। इंस्पेक्टर बिष्ट ने बताया कि दोनों ने मंगलवार को दिन में ही साथ ही शराब पी थी। मेडिकल में आरोपी के शराब पीने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि कैंट थाने में आरोपी के खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो अधिनियम तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।