कनखल के एक गांव में किशोरी को सरेराह अगवा कर आरोपियों ने दुराचार की कोशिश की। जैसे-तैसे चंगुल से छूटने में कामयाब रही बालिका का आरोपी ने अपने दोस्तों संग मिलकर फिर अगवा करने में जुटा। लेकिन परिजनों के विरोध में उतरने पर कामयाबी नहीं मिली।
शिकायत पर हरकत में आई कनखल पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोच लिया है। किशोरी के भाई की ओर से इस संबंध में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सामान लेने गई थी किशोरी
घटना शुक्रवार देर शाम की है। 13 वर्ष की एक बालिका पास की एक दुकान में सामान लेने गई थी। आरोप है कि लौटते समय नईम पुत्र बाबू निवासी धनौरा, बिजनौर हाल निवासी जमालपुर कलां ने उसे दबोच लिया और सुनसान स्थान पर ले जाकर दुराचार का प्रयास करने लगा।
इसी बीच किसी तरह चंगुल से बचकर बालिका भागने में कामयाब हो गई। लेकिन आरोपी नईम ने अपने दोस्त मांगा, फरमान व नानू के साथ उसका पीछा कर फिर से अगवा करने में जुट गया। इसी बीच मौके पर पहुंचे ग्रामीण और अन्य परिजनों के विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कर दी।
हिरासत में लिया आरोपी
देर रात बड़ी संख्या ग्रामीण एकत्र होकर थाने पहुंच गए। हरकत में आई पुलिस ने छापामारी कर मुख्य आरोपी नईम को हिरासत में लिया। थानाध्यक्ष रितेश शाह ने बताया कि आरोपी गांव में घी बनाने का काम करता है। जबकि इसके फरार तीन दोस्तों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।