राजधानी देहरादून में कुछ दिनों पहले गुमानीवाला में बुजुर्ग का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक शराब पीने से टोकने पर इस बुजुर्ग की हत्या की गई थी।
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया है। 31 अक्तूबर को रूषा फार्म गुमानीवाला निवासी बरदानी सिंह ने ऋषिकेश पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके ताऊ बोलचंद (70) 30 अक्तूबर की शाम छह बजे घर से गए थे।
लहूलुहान शव खेत में मिला
31 अक्तूबर को बोलचंद का लहूलुहान शव खेत में मिला। डीजीपी द्वारा गठित मानव वध प्रकोष्ठ के निरीक्षक डीसी बौंठियाल की टीम को छानबीन में पता लगा कि गुमानीवाला में बोलचंद का प्लाट है। कुछ लोग यहां शराब पीने आते थे। पता चला कि घटना के दिन हरीश नगवाल उर्फ दाणी (19) पुत्र सुंदर सिंह नगवाल निवासी रूषा फार्म गुमानीवाला और मनोज नैनवाल (20) पुत्र रोशनलाल निवासी श्यामपुर प्लाट में शराब पी रहे थे।
ईंट-पत्थरों से कुचलकर मार डाला
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे प्लाट पर थे, तभी बोलचंद वहां आ गए और विरोध किया। इस पर उन्होंने ने बोलचंद को थप्पड़ मार दिया, जिससे वह गिर पड़े और उनके सिर पर गहरी चोट आ गई। युवकों के मुताबिक उन्हें लगा कि बोलचंद होश में आने के बाद उनकी शिकायत पुलिस से कर देंगे। ऐसे में उन्होंने ईंट-पत्थरों से कुचलकर बोलचंद को मार डाला। हत्या के बाद खून से सने कपड़े उन्होंने नहर में फेंक दिए थे।