ज्वालापुर क्षेत्र के सुभाषनगर में घर में घुसकर महिला के गले से चेन लूट ली गई। पुलिस ने घंटों तक पूरा क्षेत्र खंगाला, लेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़ा। घटना दोपहर करीब एक बजे की है।
शहर के एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत मोहन लाल उर्फ मनोज की पत्नी रिशू घर पर अकेली थी। इसी दौरान एक युवक चद्दर बेचने के लिए मोहल्ले में आया। युवक कई दिन से क्षेत्र में फेरी लगा रहा था।
महिला ने उसे घर में बुला लिया। आरोप है कि युवक ने महिला से एक गिलास पानी लाने को कहा तो जैसे ही वह पानी लाने के लिए उठी तो युवक ने गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली और फरार हो गया। महिला ने जब तक शोर मचाया तब तक वो काफी दूर निकल गया था।
आरोपी मौके पर चद्दर छोड़ गया था। महिला की सूचना पर पुलिस ने आरोपी के हुलिये के संबंध में जानकारी ली। फिर काफी देर तक क्षेत्र में उसको तलाश किया, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश कर रहे हैं।