गैंगरेप पीड़िता की तलाश में पुलिस टीम इंदौर पहुंच गई है। पीड़िता के मिलने के बाद मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस का प्रयास रहेगा कि पीड़िता को कलियर लाया जा सके, ताकि पूरी घटना का खुलासा होगा सके।
कलियर में चार दिन पहले इंदौर की एक जायरीन महिला के साथ गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया था। कलियर पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की मदद करने के बजाय उसे उसके घर के लिए रवाना कर दिया था। समाचार पत्रों में खबर छपने के बाद कलियर पुलिस संवेदनहीनता प्रकाश में आई थी।
पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी राजीव स्वरूप ने मामले की जांच एसपी देहात मणिकांत मिश्रा को सौंपी थी। एसपी देहात की ओर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने एक पुलिस टीम को महिला के इंदौर स्थित निवास पर भेजा है, ताकि उसके साथ हुई घटना की वास्तविकता पता की जा सके।
एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि महिला के मिलने के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यदि महिला के साथ कुछ गलत हुआ है तो आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
आईडी की आधार पर भी की जा रही जांच
कलियर में महिला के साथ जिस स्थान पर गैंगरेप होने की बात सामने आ रही है, वहां से एक पर्स बरामद हुआ था। पर्स से एक आईडी मिली है। आईडी भोपा निवासी किसी व्यक्ति की है। पुलिस इस व्यक्ति की भी तलाश कर रही है।