देहरादून के चौहरे हत्याकांड के आरोपी हरमीत को पुलिस ने सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजीव कुमार की कोर्ट में पेश किया।
चार दिसंबर तक बढ़ी रिमांड
अदालत में विवेचक ने कहा कि प्रकरण में फारेंसिक रिपोर्ट आते ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी। अदालत ने हरमीत की रिमांड चार दिसंबर तक बढ़ा दी है।
हरमीत के खिलाफ कोर्ट में अभी तक चार्जशीट दाखिल नहीं हो पाई है। वहीं मृतकों के परिजन हत्या में कुछ और लोगों के शामिल होने की आशंका जता रहे हैं।
कोर्ट परिसर में मौजूद हरमीत के भांजे आठ वर्षीय कवल ने बताया कि परिजनों की हत्या के बाद हरमीत ने मोबाइल पर किसी से बात करते हुए कहा था कि बड़ी प्रॉब्लम हो गई है। कवल के पिता अरविंदर सिंह ने कहा कि पुलिस को पता लगाना चाहिए कि आखिर हरमीत किस से बात कर रहा था।
पीड़ित पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता बीडी झा ने मामले की पैरवी की। वहीं बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता आशुतोष ने वकालतनामा डाला।