चंपावत में दस साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में फरार चल रहा सौतेला नाना आखिर पुलिस के चंगुल में आ गया। इस बच्ची के माता-पिता नहीं हैं। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
करीब डेढ़ साल पूर्व परिजनों ने बालिका को पढ़ाई के लिए हल्द्वानी के एक स्कूल में भर्ती कराया था। करीब छह माह पहले यह बच्ची चंपावत आई थी। आरोप है कि सौतेला नाना बच्ची के साथ दुराचार करता था। सौतेले नाना ने मुंह खोलने पर बच्ची को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
जानकारी लगने पर 28 जून को परिजनों ने हल्द्वानी के मुखानी थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम के तहत शून्य एफआईआर दर्ज कराई थी। बाद में यह मामला चंपावत कोतवाली को स्थानांतरित किय गया। तबसे आरोपी फरार चल रहा था। दरोगा जसवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को दबोच कर रविवार को अदालत में पेश किया गया। उसे लोहाघाट जेल भेज दिया गया है।
अल्मोड़ा में चौखुटिया पुलिस ने 12 साल की नाबालिग से बलात्कार के मामले में आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया है। पीड़िता के पिता की ओर से थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार आरोपी जीवन साह (30) ने 15 जुलाई को उसके घर के निकट पानी भरने गई बालिका को अपने कमरे में बुलाया।
बालिका ने मना किया तो वह उसे जबरन अंदर ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। घटना से सहमी बालिका ने अपनी मां को मामले की जानकारी दी। मां ने उसके पिता को मामले से अवगत कराया।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने रविवार सुबह आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा ने बताया कि मामला धारा 376 और 3/4 पॉक्सो के तहत दर्ज किया गया है। बालिका का मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा। आरोपी शादीशुदा है और अकेले ही रहता है। पत्नी काफी समय पहले उसे छोड़कर जा चुकी है।