देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में निजी कार पर लाल बत्ती लगाकर प्रेमिका घुमाना हरियाणा के एक युवक को भारी पड़ गया।
कार्रवाई से बचने के लिए उसने खुद को हरियाणा सीएम हाउस का कर्मचारी बताते हुए पुलिस पर दबाव बनाना चाहा, मगर छानबीन में उसकी कलई खुल गई।
पता करने पर आरोपी वहां का कॉन्ट्रैक्ट कर्मी निकला। जिस पर पुलिस ने उसकी कार सीज कर दी।
पुलिस को गाड़ी में मिला युवती के साथ
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार को एएसपी प्रहलाद नारायण गश्त पर निकले तो कुल्हाल बॉर्डर के पास उनकी गाड़ी को लाल स्कोडा कार ने तेजी से ओवर टेक किया।
कार में लाल बत्ती लगी थी। निजी कार में लाल बत्ती देख एएसपी ने कुल्हाल पुलिस को कार रुकवाने को कहा।
निर्देश मिलते ही पुलिस कर्मियों ने वीआईपी नंबर की कार (एचआर-26 एल-0700) को रोककर छानबीन की तो उसमें युवक और युवती बैठे मिले।
सीएम हाउस का कर्मचारी बता जमाने लगा धौंस
पूछताछ में युवक ने अपना नाम पवन सिरोहा निवासी 205, सेक्टर-7 चंडीगढ़ बताया। उसके मुताबिक वह हरियाणा सीएम हाउस का कर्मचारी है।
कार पर हरियाणा सचिवालय का स्टिकर भी लगा था। युवक ने बताया वह अपनी प्रेमिका घुमाने लाया है।
उसकी गाड़ी बेरोकटोक पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल से गुजरी, लेकिन किसी ने नहीं रोका। युवक ने सीएम हाउस की धौंस दिखाकर बच निकलने की कोशिश की।
पुलिस की सख्ती देख जोड़ने लगा हाथ
पुलिस का सख्त रुख देखते हुए पवन एएसपी के आगे हाथ जोड़ने लगा। साहब प्रेमिका के सामने इज्जत उतर जाएगी... कहते हुए उसने गाड़ी छोड़ देने की गुजारिश की। मगर एएसपी का दिल नहीं पसीजा।
पुलिस ने कार कब्जे में लेकर सीज कर दी। इसके बाद प्रेमी जोड़े वापस जाने के लिए परिवहन निगम की बस में बैठकर वापस जाना पड़ा।