देहरादून में पान विक्रेता से खार खाए एनएसयूआई के एक पदाधिकारी ने साथियों समेत उसकी दुकान पर धावा बोला दिया।
हॉकियां बरसाई
इन लोगों द्वारा मौके पर जमकर हंगामा काटा गया। हॉकियां बरसाई गईं। पत्थरबाजी भी की गई। आरोप है कि दुकानदारों की ओर से भी हाथापाई की गई। इस बवाल में तकरीबन 15 लोग घायल हो गए। गुस्साए व्यवसाइयों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। रास्ता जाम लगाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
पढ़ें, इस बार एक्स्ट्रा पावर के साथ आया है डेंगू
बवाल की सूचना पर शहर कोतवाली और आसपास के थानों से भारी पुलिस फोर्स इनामुल्ला बिल्डिंग पहुंचा। करीब एक घंटे तक हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों के हमलावरों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद दुकानदार मानने को तैयार हुए। एहतियात के तौर पर देर रात तक मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था।
घटना की शुरुआत शुक्रवार देर रात हुए झगड़े से हुई। शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे डीएवी के पूर्व छात्र नेता एनएसयूआई के पदाधिकारी शिवेश बहुगुणा अपने साथी छात्रों के साथ इनामुल्ला बिल्डिंग पर पान खाने को गए। वहां अमित पान भंडार से पान खाने के बावजूद वे वहीं जमे रहे।
छात्रों ने की गाली-गलौच
कुछ देर बाद दुकानदार मोहसिन से फिर से पान मांगने लगे। पान विक्रेता मोहसिन ने कहा कि काफी रात हो गई है अब वह दुकान बंद करने जा रहा है इसलिए पान नहीं दे पाएगा। आरोप है कि शराब के नशे में धुत इन छात्रों ने मोहसिन से गाली-गलौच की।
मोहसिन ने जब उन्हें वहां से जाने को कहा तो वे दुकान के बाहर शराब उड़ेलने लगे। उस वक्त आसपास के दुकानदारों के समझाने पर मामला शांत हो गया। लेकिन शनिवार रात करीब दस बजे 20-25 छात्र हॉकी और डंडे लेकर इनामुल्ला बिल्डिंग पहुंच गए। आरोप है कि हॉकी डंडों से दुकानदारों से मारपीट की।
पढ़ें, यह संकल्प लेने से होगी संतान की प्राप्ति
दूसरे पक्ष की ओर से भी हाथापाई शुरू की गई। इस बीच वहां किसी ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिससे मामला और बिगड़ गया। बिल्डिंग के दुकानदार और वहां से गुजर रहे आसिफ, राजेश, मोहसिन, संजय, अजय आदि को मामूली चोटें आईं। हंगामे की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस करीब आधा घंटे बाद मौके पर पहुंची।
एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ सिटी हरीश चंद्र सती, शहर कोतवाल जेपी जुयाल और आसपास के थानों से फोर्स मौके पर बुला लिया गया।
इनामुल्ला बिल्डिंग के दुकानदार वसीम समेत एक दर्जन दुकानदारों ने शिवेश बहुगुणा और अन्य के खिलाफ शहर कोतवाली में मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी की तहरीर दी है। एसपी सिटी ने बताया कि मामले पर नजर रखी जा रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
फेसबुक पर राय देने के लिए क्लिक करें...