पुलिस अपराधों पर अंकुश लगाने के दावे तो कर रही है, लेकिन धरातल पर इन दावों का असर नहीं दिख रहा है। हालात यह है कि पिछले तीन दिनों में हथियारबंद बदमाशों ने लगातार तीन वारदात कर पुलिस के तमाम दावों की पोल खोल दी है।
बृहस्पतिवार रात सुल्तानपुर के ढाब मोहल्ले में सलीम के घर बदमाशों ने धावा बोलकर नगदी और जेवर समेत लाखों रुपये का सामान लूट लिया था।
पुलिस मामले के खुलासे पर कितनी गंभीर है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटना की रिपोर्ट ही चोरी में दर्ज की गई।
बेखौफ अपराधी, बेबस पुलिस
शुक्रवार रात कनखल थाना क्षेत्र के ग्राम जमालपुर कला में भी लुटेरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शनिवार रात इमलीखेड़ा में तीन परिवारों को बंधक बनाकर अपराधियों ने लाखों की लूट कर डाली।
चार दिन पहले भी बदमाशों ने इमलीखेड़ा, भगवानपुर क्षेत्र में एक ही रात में चार घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी थी। इस बीच एक भी मामले का खुलासा न होने से पुलिस ये अपराधी पुलिस के लिए चुनौती बन चुके हैं।
पुलिस का हर प्लान फेल
पुलिस आज तक एक भी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है। कच्छा बनियानधारी गिरोह की सक्रियता के बाद भी पुलिस की किसी ठोस कार्ययोजना का सकारात्मक परिणाम अभी तक सामने नहीं आया है।
रात्रि गश्त बढ़ाकर खासकर देहात क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाकर अपराध रोकने के प्रयास किए जाएंगे। वारदातों के खुलासे के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
-डॉ. सदानंद दाते, एसएसपी।