लच्छीवाला फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार सिटी बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बाइक को टक्कर मार दी
हादसा सोमवार देर रात को हुआ। लच्छीवाला फ्लाईओवर पर दून से तेज रफ्तार आ रही एक सिटी बस ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पर सवार दो युवक छिटककर सड़क पर जा गिरे और गंभीर घायल हो गए।
सूचना पर 108 सेवा ने घायलों को हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान दिनेश कुमार (21) पुत्र राम सिंह निवासी जोगीवाला की मौत हो गई। जबकि, घायल भोपाल सिंह पुत्र राजकुमार निवासी जोगीवाला का उपचार चल रहा।
हाईवे पर प्रदर्शन किया
बुधवार को परिजनों ने आरोपी बस चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे पर प्रदर्शन किया। उपनिरीक्षक प्रदीप रावत ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, बस को सीज कर दिया गया है।