गुरुदीप की आत्महत्या मामले में पत्नी प्रेमी संग गिरफ्तार
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून
टैक्सी चालक गुरुदीप की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी को प्रेमी संग गिरफ्तार किया है। मरने से पहले गुरुदीप ने अपनी बहन को वॉट्स ऐप पर वॉइस मैसेज भेजा था। जिसमें उसने इन दोनों को ही अपनी मौत का जिम्मेदार बताया था। इसी के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
गौरतलब है कि शुक्रवार को मूलरूप से पंजाब के संगरूर जिला निवासी गुरुदीप सिंह (40) ने क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के मोरोवाला स्थित किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। गुरुदीप सऊदी अरब में टैक्सी चलाता था और दस दिन पहले ही दून आया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुदीप ने पहली पत्नी को तलाक दे दिया था और यहां वह दूसरी पत्नी परमजीत के साथ रहता था। गुरुदीप की मौत के बाद जब उसके पिता दून आए तो उन्होंने पुलिस को बेटे की आत्महत्या का कारण बताया।
गुरुदीप ने शुक्रवार को ही अपनी बहन को वॉट्स ऐप पर वॉइस मैसेज भेजा था। उसने बताया था कि ‘परमजीत के बड़ा भारूवाला निवासी गुलाम साबरी के साथ अवैध संबंध हैं। जब वह उन दोनों को मिलने-जुलने से रोकता है तो वह उसके साथ झगड़ा करती है। इसी झगड़े के कारण वह डिप्रेशन में आ गया है और मौत को गले लगा रहा है’। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया था। थानाध्यक्ष क्लेमेंटटाउन डीएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिक जांच में वॉइस मैसेज को सही पाया है। इसी के आधार पर परमजीत और उसके कथित प्रेमी गुलाम साबरी को गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। वहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।