मजदूरों की मौत के मामले में ठेकेदारों के रिपोर्ट दर्ज
ब्यूरो/अमर उजाला
सेलाकुई।
औद्योगिक क्षेत्र में एक कंपनी परिसर में ट्रक से पत्थर उतारने के दौरान हुए हादसे में दो मजदूरों की मौत के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिसमें दो ठेकेदारों को नामजद किया गया है। वहीं शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिए गए।
इन दिनों सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई स्थित डिक्शन कंपनी में निर्माण कार्य चल रहा है। कंपनी परिसर में बृहस्पतिवार को पत्थरों लदा ट्रक पहुंचा था। शाम करीब 4:30 बजे मजदूर विरेंद्र पंवार (25) पुत्र विजय पंवार निवासी उम्मेदपुर, थाना बसंत विहार, देहरादून और गुड्डू (30) पुत्र शकूर निवासी ढक्कन का मोहल्ला, पूरनपुर पीलीभीत पत्थर उतारने के लिए ट्रक पर चढ़े थे। इसी दौरान पत्थरों का ढेर भर-भराकर गिर गया और दोनों पत्थरों के बीच में दब गए। मजदूरों को पत्थरों के नीचे दबा देख वहां अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद साथी मजदूरों ने गंभीर रूप से घायल विरेंद्र व गुड्डू को पत्थरों के ढेर से बाहर निकाला और एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार को पुलिस ने विरेंद्र पंवार के भाई सुरेंद्र की तहरीर के आधार पर सहसपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया है। चौकी प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि निर्माण कार्य करवा रहे ठेकेदार भूपेंद्र सिंह पुत्र शेर सिंह और बलजीत सिंह पुत्र हरनेक सिंह निवासी शास्त्रीनगर, नई दिल्ली के खिलाफ लापरवाही से जान लेने का मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को डिक्शन कंपनी प्रबंधन ने नई यूनिट के निर्माण का ठेका दिया हुआ है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।