पूर्व मुख्यमंत्री के पीए की कार लेकर भागने वाला धरा
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी के पीए की कार लेकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने करीब साढ़े तीन साल बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर कई बैंकों का लोन था, जिससे बचने के लिए वह देहरादून से भाग गया था। इस वक्त आरोपी दिल्ली में रह रहा था।
एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि संजय नवानी पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी के पीए हैं। विगत 25 अप्रैल 2015 को नरेश सेमवाल निवासी धर्मपुर उनके घर पहुंचा था और उनकी स्विफ्ट कार लेकर लापता हो गया था। संजय ने नरेश की काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद संजय नवानी की ओर से नेहरू कॉलोनी थाने में अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कराया गया। जांच में पता चला कि नरेश सेमवाल प्रॉपर्टी डीलिंग के काम से जुड़ा था। इस काम में उसे काफी नुकसान हुआ और उस पर बैंकों व लोगों का कर्ज हो गया। इसी से बचने के लिए शहर से भाग गया। इस बीच आरोपी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, पंजाब आदि राज्यों के विभिन्न शहरों में ठिकाने बदलता रहा। एसएसपी ने बताया कि पिछले दिनों पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शुरू किए गए वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के अभियान में एसआई कमलेश शर्मा की टीम ने आरोपी नरेश को दिल्ली के पड़पड़गंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया। नरेश के कब्जे से संजय नवानी की कार भी बरामद हुई है।