ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
शहर कोतवाली पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो आरोपियों को दबोचा है। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य चोरियों की बात कबूली है।
कोतवाल बीबीडी जुयाल के अनुसार शनिवार सुबह दो लोगों द्वारा चोरी की बाइक बेचने की सूचना मिली थी। इस पर तिलक रोड तिराहे पर चेकिंग शुरू कराई गई। इस दौरान लाल रंग की पल्सर पर सवार दो संदिग्ध लोगों को दबोचा गया। पूछताछ में बाइक खुड़बुड़ा क्षेत्र से चुराई गई निकली। इस बाबत 19 मई को बाइक स्वामी कोमल राम ने कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज कराया था। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान टर्नर रोड निवासी अहमद खान और केशवपुरी बस्ती निवासी हिमांशु कुमार के रूप में हुई। आरोपी मजदूरी और टाइल लगाने का काम करते हैं। दोनों आरोपी वाहन चोरी के मामले में पहले भी जेल जा चुके हैं। कोतवाल बीबीडी जुयाल के अनुसार आरोपियों से कुछ अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।