ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। सीमा सुरक्षा बल और उत्तराखंड पैराग्लाइडिंग संघ की ओर से शुक्रवार को मालदेवता में पहला तीन दिवसीय पैराग्लाइडिंग महोत्सव शुरू हो गया। इस दौरान पर्वतारोहण, जल क्रीड़ाएं, माउंटेन साइक्लिंग जैसी साहसिक प्रतियोगिताएं आयोजित की र्गइं। इस दौरान बीएसएफ के कमांडेंट राजकुमार नेगी ने बताया कि देश की पैरा मोटर्स और बीएसएफ के पैराग्लाइडिंग की टीमें महोत्सव में पहुंच चुकी हैं। महोत्सव का उद्देश्य साहसिक कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है।
बीएसफ एडवेंचर इंस्टीट्यूट पिछले तीन सालों से साहसिक गतिविधियों और स्वच्छता अभियान को लेकर कार्यक्रम कर रहा है। इसी कड़ी में हिमालय और पर्यावरण संरक्षण को लेकर मालदेवता में तीन दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। एनसीसी और स्काउट एंड गाइड्स छात्रों के लिए भी कई तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति आकर्षित करने के इस मंच में आईटीबीपी और एसएसबी की टीमें भी भाग ले रहीं हैं। कार्यक्रम में अगले दो दिन पैराग्लाइडिंग की कई स्पर्धाएं होंगी। इस अवसर पर बीएसएसफ के कमांडेंट राजकुमार नेगी, संघ के सचिव शंकर और अन्य पदाधिकारी व खिलाड़ी मौजूद रहे।