ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
फर्जी मार्कशीट (अंकपत्र) से नौकरी करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने सोमवार को वांछित वनकर्मी सूर्य प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सूर्य प्रकाश को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2013 में ढाठमीर उत्तरकाशी निवासी सूर्य प्रकाश की वन विभाग में नौकरी लगी थी। सूर्य प्रकाश के साथ ही जाकिर हुसैन और कुलदीप सिंह नेगी की भी नियुक्ति हुई थी। तीनों ने नौकरी पाने के लिए फर्जी अंकपत्र के सहारे नौकरी हासिल करने का आरोप लगा था। इस मामले में विभाग की ओर से वर्ष 2017 में खुड़बुड़ा पुलिस चौकी में मामला दर्ज कराया गया था। फर्जी प्रपत्रों के सहारे नौकरी हासिल करने के आरोप में जाकिर हुसैन और कुलदीप सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपी सूर्य प्रकाश के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र रचने का मामला दर्ज किया है।