ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
सहसपुर पुलिस ने अपहरण और दुराचार के आरोप में पांच माह से फरार चल रहे आरोपी को मुजफ्फरनगर यूपी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। बीते साल अगस्त में पीड़िता के भाई ने मोहम्मद खालिद पुत्र समसुल कमर निवासी मोहल्ला पुरनिया तालाब थाना कोतवाली बलरामपुर जिला बलरामपुर यूपी के खिलाफ अपनी बहन के अपहरण समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। थानाध्यक्ष नरेश कुमार राठौड़ ने बताया कि आरोपी खालिद सेलाकुई में सीट कवर बनाने की दुकान में काम करता था और पीड़िता के घर के पास ही किराए पर रहता था। इसी दौरान खालिद ने युवती के संपर्क में आया और पीड़िता को शादी का झांसा देकर अपने साथ पीलीभीत लेकर चला गया। जहां खालिद ने पीड़िता को करीब पांच दिन तक बंधक बनाए रखा और कई बार दुराचार किया। पीड़ित किसी तरह वहां से निकलने में कामयाब हुई और घर पहुंच कर आपबीती सुनाई। मेडिकल रिपोर्ट में भी दुराचार की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से आरोपी की तलाश थी। छानबीन के दौरान खालिद के मुजफ्फरनगर यूपी में होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर खालिद को दबोच लिया गया। खालिद यहां एक दुकान में काम कर रहा था।