ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
क्षेत्रवासियों की मांग पर बुधवार को निदेशक यातायात केवल खुराना ने जीएमएस रोड का मौका मुआयना किया। लोगों के अनुसार यातायात पुलिस ने जब से कमला पैलेस के पास कट बंद कराया है तब से यहां जाम लगता है। निदेशक ने लोगों को इस मामले में आवश्यक कदम उठाए जाने का आश्वासन दिया।
दरअसल, पिछले दिनों यातायात पुलिस ने जीएमएस रोड के डिवाइडर पर बने विभिन्न जगहों से खुले स्थानों को बंद करा दिया था। यातायात पुलिस का तर्क है कि इन जगहों से लोग आपाधापी में गुजरते हैं, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। आने जाने वाले वाहन भी यहां से मनमानी गति पर मुड़ते थे। ऐसे में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने पिछले दिनों निदेशक यातायात केवल खुराना से मुलाकात कर इसमें जरूरी कदम उठाने की बात कही थी। उन्होंने एक बार कमला पैलेस के पास जाम की स्थिति का भी जायजा लेने का आग्रह निदेशक से किया था। शर्मा के आग्रह के बाद बुधवार को निदेशक केवल खुराना ने इस कट के स्थान और यहां लगने वाले जाम का जायजा लिया। साथ पहुंचे अधिकारियों को उन्होंने जरूरी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर प्रदेश सचिव दीप वोहरा, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजपाल पुंडीर, केशर सिंह रावत, मुकेश चौहान, सैय्यद मोहम्मद अरशी, राजेश पुंडीर आदि उपस्थित रहे।