ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
परेड ग्राउंड में राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर 18 मार्च को आयोजित होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत अन्य वीआईपी की सुरक्षा के मद्देनजर एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने शनिवार को निरीक्षण कर जायजा लिया।
एसएसपी ने कहा कि सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समारोह स्थल को दो कार्डनों में बांटा है। इनर कार्डन की जिम्मेदारी एसपी सिटी प्रदीप कुमार राय और आउटर कार्डन का प्रभारी पुलिस अधीक्षक यातायात लोकेश्वर सिंह को बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत इनर कार्डन को पांच सेक्टरों और आउटर कार्डन को दो सेक्टरों में बांटा है। जिसके प्रभारी राजपत्रित अधिकारी होंगे। समारोह स्थल पर सभी प्रवेश द्वारों पर डीएफएमडी और एचएचएमडी के माध्यम से चेकिंग की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर किसी भी व्यक्ति को बैग, थैला, छाता, डब्बा एवं ज्वलनशील पदार्थ नहीं ले जाने दिया जाएगा। बम, डाग स्कवाड से सघन चेकिंग की जाएगी।