एक किलो चरस के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। मजदूरी से खर्चे पूरे नहीं हुए तो तीन युवकों ने चरस तस्करी की राह पकड़ ली। पुलिस ने शुक्रवार तीनों को एक किलो 10 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला है कि तीनों मजदूरी करते थे, उनके खर्च ज्यादा होने से उन्होंने शार्टकट से पैसा कमाने का यह धंधा अपना लिया था। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कैंट कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि बिंदाल पुल के पास चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया था। तलाशी लेने पर उनके पास से चरस बरामद हुई। तीनों ने अपने नाम रितेश कुमार ग्राम लक्ष्मीपुर, राजीव निवासी स्योहरा और धर्मेंद्र पासवान निवासी सिंगड़ा सीतामढ़ी (बिहार) बताए हैं। तीनों युवक यहां गांधीग्राम में किराए पर रह रहे थे। पूछताछ में बताया कि कुछ समय से उनके खर्च बेहद बढ़ गए थे। इसके लिए उन्हें कुछ दिन पहले एक दोस्त ने बताया कि वह नेपाल सीमा से चरस लाकर बेचें तो अच्छे पैसे कमा सकते हैं। पिछले छह महीनों से वे यही काम कर रहे थे। सैनी ने बताया कि तीनों युवकों के गृह जनपदों में भी संपर्क किया जा रहा है। ताकि उनके आपराधिक इतिहास का पता किया जा सके। फिलहाल देहरादून में भी उनके साथियों के बारे में भी पता किया रहा है।