ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राजपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम खलंगा के जंगल में पेड़ से लटका हुआ एक वृद्ध का शव बरामद हुआ। वृद्ध करीब तीन माह से घर से लापता थे। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल में रखवाया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम सूचना मिली थी कि खलंगा के जंगल में एक शव सड़ी-गली हालत में पेड़ से लटका है। इसके बाद मौके पर पहुंच कर शव पेड़ से उतरवाया गया। मृतक की पहचान केकेएम कॉलोनी, नालापानी रोड निवासी 74 वर्षीय मंगल सिंह के रूप में हुई। उनकी बेटी गीतांजलि ने कपड़ों के आधार पर शिनाख्त की। करीब तीन माह पहले राजपुर थाने में मंगल सिंह की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। गीतांजलि ने बताया था कि पिता मंगल सिंह को कुष्ठ रोग है और बीमारी से परेशान होकर घर से चले गए हैं। पुलिस के अनुसार शव को देखकर मौत काफी पहले होने की आशंका है। माना जा रहा है कि मंगल सिंह ने आत्महत्या की है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण सामने आएगा।