ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
फिल्म पद्मावत को लेकर आत्मदाह की घोषणा करने वाले उत्तराखंड रक्षा अभियान के सह संयोजक हरि किशन किमोठी जेल में अनशन पर बैठ गए हैं। हालांकि अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
हरिकिशन किमोठी ने फिल्म पद्मावत के रिलीज होने की स्थिति में फेस बुक पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। इसी आधार पर वसंत विहार पुलिस ने 23 जनवरी को किमोठी को गिरफ्तार कर शांति भंग में जेल भेज दिया था। कुर्मांचल परिषद के केंद्रीय महासचिव चंद्रशेखर जोशी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि किमोठी सुद्धोवाला जेल में अनशन पर बैठे हुए हैं। जेल में डॉक्टरों की देख-रेख में उनका इलाज चल रहा है। सोशल मीडिया पर चंद्रशेखर जोशी ने लिखा है कि वह कुछ लोगों के साथ किमोठी से मिलने जेल गए थे। जहां पर उन्हें यह जानकारी हुई है। हालांकि जेल अधीक्षक महेन्द्र सिंह ग्वाल का कहना है कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने भी ऐसा कुछ संज्ञान में आने से इनकार किया है।