ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
साकेत कॉलोनी में एक कंपनी के बिजनेस मैनेजर के कमरे से लैपटॉप, दो मोबाइल और 12 हजार रुपये चोरी हो गए। गहरी नींद में होने के कारण मैनेजर को चोरों की करतूत की भनक तक नहीं लग पाई। हालांकि पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीनों चोरों की तस्वीर कैद हो गई है। चोर बुलेट मोटर साइकिल से आए थे।
डालनवाला कोतवाली क्षेत्र की साकेत कॉलोनी में किराए पर रहने वाले बिजनेस मैनेजर पारस मलिक ने रविवार सुबह ताजी हवा के लिए दरवाजा खोला था। इसके बाद मलिक की कुछ देर के लिए फिर से आंख लग गई। इसी दौरान कमरे में घुसे चोराें ने लैपटॉप, दो मोबाइल और 12 हजार रुपये की नगदी पार कर दी। आंख खुलने पर कमरे से लैपटॉप आदि सामान गायब देखकर मलिक के होश उड़ गए। शोर-शराबा हुआ तो आसपास के लोगों के साथ पुलिस भी पहुंच गई। पास में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर तीन चोरों की करतूत पकड़ी गई। मोटर साइकिल का नंबर भी कैमरे में आ गया है। पुलिस ने पारस मलिक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनाें मोबाइल महंगे बताए गए है। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोराें की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।