रुड़की। एक छात्रा ने गंगनहर में छलांग लगा दी। कुछ लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन युवती कुछ दूर जाकर नजरों से ओझल हो गई। पुलिस को छात्रा की जूती में सुसाइड नोट मिला है जिसमें लिखा है कि मम्मी मैं जा रही हूं। पुलिस का कहना है कि मां की डांट से खफा हो कर उसने यह कदम उठाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, साथ ही जल पुलिस ने गंगनहर में छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार की सुबह एफसीआई गोदाम के सामने नये पुल के पास एक छात्रा ने सुसाइड नोट लिख कर कागज अपनी जूती में छिपाया और उसे गंगनहर पुल के डिवाइडर पर रख कर गंगनहर में छलांग लगा दी। छात्रा को कूदते देखकर वहां मौजूद दो युवकों ने तुरंत गंगनहर में छलांग लगाकर उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन उसे पकड़ नहीं पाए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंगनहर पुल पर से छात्रा की जूती बरामद की तो उसमें से सुसाइड नोट मिला जिसमें लिखा था कि मम्मी मैं जा रही हूं। खबर लगते ही छात्रा के परिजन मौके पर पहुंच गए। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कोतवाली प्रभारी कमल कुमार लुंठी ने बताया कि छात्रा बंदा रोड निवासी काफिया पुत्री शकील थी। उन्होंने बताया कि काफिया ने कक्षा बारह की परीक्षा दी थी और किसी कपड़े की दुकान पर काम कर पढ़ाई लिखाई कर रही थी। उन्होंने बताया कि छात्रा मां के डांटने से नाराज थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है, साथ ही जल पुलिस ने गंगनहर में उसकी तलाश शुरू कर दी है।