ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
डाटकाली सुरंग के दोनों तरफ रविवार को खराब वाहन खड़े होने से लंबा जाम लग गया। दोनों तरफ कई किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। क्लेमेंटटाउन और बिहारीगढ़ की पुलिस घंटों तक जाम खुलवाने के लिए जूझती रही। बाद में क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया गया।
रविवार सुबह डाटकाली सुरंग के एक छोर पर रोडवेज की बस और दूसरे छोर पर ट्रक खराब हो गया। इससे दोनों तरफ वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई। इस बीच कुछ चालकों के हड़बड़ी दिखाने के कारण सुरंग के अंदर भी वाहन भी फंस गए। रविवार होने के कारण दोनों तरफ गाड़ियों की संख्या काफी अधिक रही, जिसके चलते कुछ ही देर में दोनों तरफ वाहनों की कई किमी लंबी लाइन लग गई। जाम की सूचना पर बिहारीगढ़ और क्लेमेंटटाउन पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू करने का प्रयास किया।
दोनों खराब वाहनों के कारण अन्य वाहनों को गुजरने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस पर पुलिस ने क्रेन बुलाकर दोनों तरफ खराब वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे किया। इसके काफी देर बाद वाहनों का संचालन सुचारु हो सका।