ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
प्राप्ति सिंह की हत्या सौतेली मां मीनू कौर ने अकेले ही की थी। पुलिस की अब तक की जांच का नतीजा यही रहा है। सीसीटीवी कैमरे में कुछ नहीं आया है। पुलिस ने हत्याकांड में मीनू कौर के अलावा किसी दूसरे का हाथ होने की परिजनों की आशंका पर जांच का दायरा बढ़ाया था। कई संदिग्धों से पूछताछ की गई, जिसमें उनके बयानों सभी बातें सही साबित हुई हैं।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश इंद्रपाल सिंह की पोती प्राप्ति सिंह की हत्या जिस जघन्य तरीके से अंजाम दी गई थी, उससे यही लगा था कि सौतेली मां मीनू कौर के अलावा कोई ओर भी हत्याकांड में शामिल हो सकता है। इसी लाइन पर काम करते हुए पुलिस ने मीनू कौर के अलावा उससे जुड़े कई लोगाें की काल डिटेल खंगाला थी। कई दौर की पूछताछ में मीनू कौर ने अकेले ही शामिल होने की बात कही थी। परिजनों ने शक में कई नाम भी पुलिस को बताए थे। पुलिस एक-एक कर उन तमाम संदिग्धाें से पूछताछ कर चुकी है। उनके द्वारा बताई गई बातों को भी तस्दीक कर लिया गया है। इंस्पेक्टर बीबीडी जुयाल की मानें तो अब तक की जांच पड़ताल में प्राप्ति की हत्या में मीनू कौर के अलावा किसी और की संलिप्तता उजागर नहीं हुई है। कत्ल करने के बाद शव के दो टुकड़े करने की पूरी वारदात मीनू कौर ने अकेले ही अंजाम दी थी।
सीसीटीवी कैमरों में नहीं निकला कुछ ; घटनास्थल के पास एक चिकित्सक के यहां लगे सीसीटीवी कैमरे पर भी हर किसी की निगाह टिकी थी। सोमवार को यह फुटेज भी पुलिस के हाथ आ गई, घटना वाली रात छह फरवरी को कोठी के आसपास कोई संदिग्ध नजर नहीं आया। वहीं, अंसारी रोड से जुड़े कई सीसीटीवी कैमरों को पुलिस पहले ही खंगाल चुकी है।