ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
उत्तराखंड घूमने आए पर्यटकों से भरी एक कार सोमवार को माल देवता रोड पर असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार पांच पर्यटक घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलाें को अस्पताल पहुंचाया। जहां सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फरीदाबाद, हरियाणा के थाना घंटाघर निवासी कपिल अपने चार साथियों के साथ सोमवार सुबह देहरादून स्थित माल देवता घूमने आए थे। दोपहर में सभी कार से माल देवता से सहस्त्रधारा रोड की तरफ जा रहे थे। इसी बीच एक मोड़ पर कार का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे एक गड्ढे में पलट गई। हादसे की खबर सुनकर एकत्र हुए ग्रामीणों ने कार में फंसे सभी घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों में कपिल, शुभम, हिमांशु, मनीष और विजय निवासी सेक्टर आठ फरीदाबाद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार कार की तेज गति के कारण मोड़ पर हादसा हुआ है। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
डिवाइडर पार कर रहे बुजुर्ग को कार ने मारी टक्कर, मौत
-मसूरी डायवर्जन से पास स्कूटी निकालने के दौरान हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मसूरी डायवर्जन के पास डिवाइडर के बीच से स्कूटी निकालने के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी निकाल रहे बुजुर्ग छिटक कर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों के मदद से कार चालक बुजुर्ग को अस्पताल ले गया जहां उपचार के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
राजपुर थाना क्षेत्र के राजेश्वर नगर निवासी सुशांत कुमार घोष (80) सोमवार सुबह स्कूटी से रामकृष्ण आश्रम जा रहे थे। घोष ने मसूरी डायवर्जन से पहले टूटे हुए कट से दूसरी तरफ जाने का प्रयास करने लगे। इसी बीच डायवर्जन की तरफ से आई एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में घोष स्कूटी से छिटक कर पहले कार की बोनट और फिर सड़क पर जा गिरे। कार चालक प्रवीण सिंह निवासी मंडी मुल्लापुर पंजाब अपने साथियाें की मदद से घायल घोष को मैक्स अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर राजपुर पुलिस भी मौके पर आ गई थी। इसी बीच परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। एसओ नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।