सेलाकुई में कालसी भूमि संरक्षण वन प्रभाग की तिमली रेंज में वन विभाग की टीम ने शुक्रवार देर रात लकड़ी की तस्करी करते एक तस्कर को दबोच लिया। जबकि, चार आरोपी मौके से फरार हो गए। टीम ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक होंडा सिटी कार और एक जीप सहित 315 बोर का एक देशी तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
डीएफओ कालसी एसपी शर्मा ने बताया कि वन विभाग की टीम शुक्रवार रात डेढ़ बजे तिमली रेंज अंतर्गत शिमला बाईपास मार्ग पर शाहपुर-कल्याणपुर बीट के दर्रारीट कक्ष संख्या एक ए में गश्त कर रही थी। टीम को सूचना मिली कि दर्रारीट में कुछ लोग सैन के पेड़ों को काटकर वृक्ष की डाटों को महेंद्रा जीप और हौंडा सिटी कार में डालकर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी महेंद्र सिंह पुत्र सोहन लाल सैनी निवासी ग्राम बरोटीवाला शिवपुरी जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, उसके चार अन्य साथी फरार हो गए।
आरोपी ने पूछताछ में साथियों के नाम बिंदर सिंह एवं सैंपी निवासी ग्राम राईयांवाला, अरुण कुमार उर्फ कालू निवासी ग्राम नवादा और इंतजार उर्फ चिट्टू निवासी ग्राम रामपुरघाट सभी जिला सिरमौर पांवटा साहिब हिमाचल प्रदेश बताए हैं। आरोप है कि वन तस्करों ने वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमले का भी प्रयास किया। आरोपियों के खिलाफ तिमली रेंज के अंतर्गत वन बीट में भारतीय वन अधिनियम एवं वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
तिमली रेंज की रेंज अधिकारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी महेंद्र सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। वन विभाग की टीम ने उसके पास से एक तमंचा और कुछ कारतूस बरामद किए हैं।
-रणजीत खनेडा, चौकी प्रभारी धर्मावाला